डिजिटल होगी जनगणना : सिमडेगा में अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, पारदर्शिता और सटीकता पर जोर

डिजिटल होगी जनगणना : सिमडेगा में अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, पारदर्शिता और सटीकता पर जोर

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : भारत की आगामी जनगणना-2027 को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न कराने की दिशा में सिमडेगा जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में समाहरणालय सभागार में जनगणना से जुड़े अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिला, अनुमंडल, शहर, चार्ज एवं अपर चार्ज जनगणना पदाधिकारियों के लिए दो दिवसीय, जबकि तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय सत्र निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण का पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना पर केंद्रित है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी कंचन सिंह, जिला जनगणना पदाधिकारी ज्ञानेन्द्र, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी अरुणा कुमारी, जनगणना निदेशालय के उप निदेशक गजेंद्र गुप्ता एवं समन्वयक प्रतीक सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस मौके पर डीसी कंचन सिंह ने सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने का निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां तय होती हैं। उन्होंने कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न करने पर जोर दिया। साथ ही आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को जनगणना प्रक्रिया की सही जानकारी देने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति न रहे।

प्रशिक्षण के दौरान उप निदेशक गजेंद्र गुप्ता ने मकान सूचीकरण एवं गणना की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सटीक आंकड़ों का संकलन कर उन्हें डिजिटल प्रणाली में समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाएगा। इसके साथ ही कार्य की समय-सीमा के पालन पर भी विशेष बल दिया गया।

सत्र में प्रतिभागियों को डाटा संकलन की विधि, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, ऑनलाइन डाटा एंट्री, तकनीकी समस्याओं के समाधान और मैदानी कार्यों के संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझाया और प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं में दक्ष बनाना है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सटीक और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी गौरव कुमार, ईडीएम चंद्रशेखर कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।