विश्व यक्ष्मा दिवस पर झारखंड में 76 डॉक्टरों को मिला नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य मंत्री ने 1250 नई भर्तियों का किया ऐलान
रांची : विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित आईपीएच प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संविदा आधारित चयनित 76 चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का योगदान समाज में अमूल्य होता है और उनकी सेवाएं जीवनभर याद रखी जाती हैं। उन्होंने नव-नियुक्त चिकित्सकों से समर्पण के साथ कार्य करने और स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को चिन्हित कर सरकार तक पहुंचाने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए जल्द ही जेपीएससी के माध्यम से 1250 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए पिछले एक वर्ष में 8 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य किया गया है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड में पहली बार मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है। साथ ही राज्य के प्रमुख अस्पतालों में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है, ताकि मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम हो।
उन्होंने बताया कि ब्लड सप्लाई सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए टोल फ्री नंबर आधारित नई व्यवस्था विकसित की जा रही है। साथ ही सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया की पहचान के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
सरकार ने वर्ष 2030 तक झारखंड को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, खासकर जनजातीय क्षेत्रों में। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि 2025 में 100 दिवसीय अभियान के दौरान 9.5 लाख लोगों की जांच की गई, जो 2024 की तुलना में दोगुनी है। इस वर्ष 12 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि 24 मार्च 1882 को टीबी के जीवाणु की खोज के उपलक्ष्य में हर साल विश्व टीबी दिवस मनाया जाता है। आने वाले 100 दिनों में राज्यभर में टीबी जांच, जागरूकता और उपचार कार्यक्रम तेज किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने हेतु विशेष वाहनों को भी रवाना किया।
कार्यक्रम में डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, शशि प्रकाश झा समेत स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समारोह का समापन राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के संकल्प के साथ हुआ।


















