लोक आस्था का चैती छठ महापर्व: केलाघाघ सूर्य मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, उपायुक्त कंचन सिंह ने दिया अर्घ्य

लोक आस्था का चैती छठ महापर्व: केलाघाघ सूर्य मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, उपायुक्त कंचन सिंह ने दिया अर्घ्य

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : सिमडेगा जिले में लोक आस्था और भक्ति का महापर्व चैती छठ पूरे विधि-विधान और श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न हुआ। भक्तों ने सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी व उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

पर्व के तीसरे दिन उपायुक्त कंचन सिंह ने केलाघाघ सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट पर अन्य व्रतियों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य नारायण को प्रथम अर्घ्य दिया। बुधवार को सूर्योदय के समय भक्तों ने सूर्य मंदिर में पहुंचकर भगवान भास्कर को दूध-गंगाजल से अर्घ्य अर्पित किया। प्रातःकालीन अर्घ्यदान के दौरान घाट पर भक्ति का अद्भुत माहौल छाया रहा। व्रती जलाशय में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते दिखे।

सूर्य मंदिर के पुरोहित कल्याण मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अर्घ्यदान की रस्म पूरी की और छठ पर्व की महिमा का वर्णन किया। मान्यता है कि सूर्य को अर्घ्य देने से शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा मिलती है, नेत्रज्योति बढ़ती है, पाचनशक्ति मजबूत होती है और समग्र स्वास्थ्य में लाभ होता है। छठ की उपासना से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। जिले में इस पर्व को लेकर लोगों की आस्था दिनोंदिन बढ़ती जा रही है।

उपायुक्त कंचन सिंह द्वारा छठ व्रत धारण करने और सरकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की भक्तों और जिला वासियों ने खूब सराहना की। धार्मिक व पर्यटक स्थल केलाघाघ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन को भव्य बना दिया। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे किसी को कोई असुविधा न हो।

नगर परिषद के सफाई मित्रों ने आज अहले सुबह 4 बजे केलाघाघ छठ घाट और आसपास की सड़कों की सफाई की। नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल के निर्देश पर व्रतियों के पहुंचने से पहले सफाई सुनिश्चित की गई। युवा सरकार के गठन के बाद सफाई मित्रों की इस तत्परता ने लोगों में नई उम्मीद जगा दी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।