अवैध अफीम-डोडा तस्करी का भंडाफोड़, 566 किलो डोडा के साथ आरोपी गिरफ्तार
राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान भारी मात्रा में डोडा और अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम थाना अंतर्गत ग्राम बुदरी में एक गिरोह द्वारा अवैध रूप से अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मनीष तिर्की के घर से 31 बोरा डोडा बरामद किया। वहीं, घर के बाहर खड़ी एक महिंद्रा बोलेरो (नंबर JH05AS-1583) से 4 बोरा डोडा और मिला। कुल मिलाकर 566.5 किलोग्राम डोडा जब्त किया गया।
इसके अलावा, घर की तलाशी में अलमारी से 700 ग्राम अफीम, एक डिजिटल तराजू, 2 लाख 28 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। बरामद सामानों के संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मनीष तिर्की, निवासी बुदरी, थाना नामकुम, जिला रांची के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उसने एक सिंडिकेट बना रखा था, जिसमें रांची के अलावा खूंटी और हजारीबाग जिले के लोग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह स्थानीय स्तर पर मादक पदार्थों की खरीद कर अन्य जिलों में सप्लाई करता था। गिरोह नकद के साथ-साथ डिजिटल माध्यम से भी लेन-देन करता था और इसके पास कई चारपहिया वाहन हैं, जिनका उपयोग तस्करी में किया जाता था।
छापेमारी में जब्त डोडा की अनुमानित कीमत करीब 84.97 लाख रुपये और अफीम की कीमत करीब 3.5 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में नामकुम थाना में कांड संख्या 81/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

















