श्यामपथ गली में नाली निर्माण में गड़बड़ी, वार्ड पार्षद ने ठेकेदार को लगाई फटकार
शंभु कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : शहर के श्यामपथ गली में लाखों रुपये की लागत से बन रही नाली के निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वार्ड पार्षद वैजयंती देवी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ बगल के वार्ड सदस्य मनोज अग्रवाल उर्फ खट्टू, पूर्व वार्ड सदस्य रामजी यादव सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। मौके पर पहुंचकर पार्षद ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
पार्षद वैजयंती देवी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां निर्माण में गड़बड़ी पाई गई है, उस हिस्से को तोड़कर नाली का पुनः निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के लिए सहायक अभियंता को बुलाया गया था, लेकिन वे मौके पर उपस्थित नहीं हुए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। पार्षद ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय पर कार्य पूरा कराने को कहा। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी घटिया निर्माण को लेकर आक्रोश जताया और जल्द से जल्द सुधार की मांग की है।
















