20260422 172506

जमीन विवाद में हत्या: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में शूटर घायल

सोनी सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची : राजधानी रांची के सुखदेवनगर (पंडरा) थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान मुख्य शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

घटना 21 अप्रैल की सुबह की है, जब पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित मनोकामना मंदिर में पूजा कर बाहर निकल रहे 28 वर्षीय भार्गव सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह ने इलाज के दौरान पुलिस को हमलावरों के बारे में जानकारी दी, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस कांड में शामिल आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया।

घटना में शामिल दूसरा आरोपी सत्यम पाठक रांची से बक्सर (बिहार) भागने की कोशिश में था, जिसे नेवरी विकास क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कांके डैम के आसपास छापेमारी कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया गया।

बरामदगी के बाद लौटते समय सत्यम पाठक ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर 2-3 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें सत्यम पाठक के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विजय टेटे ने मृतक भार्गव सिंह से जमीन के एवज में मोटी रकम ली थी, लेकिन जमीन नहीं दे पा रहा था। इसी को लेकर मृतक लगातार दबाव बना रहा था, जिससे विवाद बढ़ गया और हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 हथियार, 8 जिंदा गोली, 1 खोखा, कपड़े-जूते से भरा बैग, 3 मोबाइल, एक पॉकेट डायरी, फर्जी आधार-पैन-वोटर कार्ड, नीट 2024 का एडमिट कार्ड, 5980 रुपये नकद और एक मास्क बरामद किया है।

गिरफ्तार शूटर सत्यम पाठक का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर था। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Share via
Share via