कुलगु नगड़ी में वन स्टॉप सेंटर का शुभारंभ, महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी समग्र सहायता

रांची : महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को नई दिशा देने की पहल के तहत रांची जिला प्रशासन ने शनिवार को नगड़ी के कुलगु में वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) का शुभारंभ किया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की उपस्थिति में केंद्र की शुरुआत की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा, घरेलू उत्पीड़न, यौन शोषण एवं अन्य प्रकार के अत्याचार से प्रभावित महिलाओं को त्वरित और समग्र सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब पीड़ित महिलाओं को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी, मनोसामाजिक एवं आश्रय संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को आपातकालीन सहायता, चिकित्सा सुविधा, पुलिस में एफआईआर अथवा शिकायत दर्ज कराने में सहयोग, मनोवैज्ञानिक परामर्श, निःशुल्क कानूनी सलाह, अस्थायी आश्रय और सुरक्षित परिवहन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्र में 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं बचाव सेवाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही योग्य काउंसलरों द्वारा मानसिक एवं भावनात्मक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार वन स्टॉप सेंटर का मुख्य उद्देश्य हिंसा, घरेलू उत्पीड़न, यौनिक शोषण अथवा किसी भी प्रकार के शोषण से प्रभावित महिलाओं को त्वरित एवं समग्र सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन जी सकें। पीड़ित महिलाएं एवं जरूरतमंद महिला टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में स्थापना उप समाहर्ता बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, थाना प्रभारी नगड़ी, सीडीपीओ नगड़ी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के पदाधिकारी और स्थानीय महिला संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने इस केंद्र को महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
















