रांची में देर रात चला एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान, सड़क पर उतरे पुलिस अधिकारी

रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। रविवार देर रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर विभिन्न चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण करते दिखाई दिए। अधिकारियों ने चेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस टीमों ने देर रात तक शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गहन जांच की गई। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
रांची पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

















