गुमला: केयर एडवांस हॉस्पिटल में लापरवाही से 3 माह के मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया पैसे के लिए इलाज में देरी का आरोप
गुमला: जिले के गोकुल नगर स्थित ‘केयर एडवांस हॉस्पिटल’ एक बार फिर विवादों के घेरे में है। सड़क हादसे में घायल तीन महीने के मासूम सामर्थ साइमनस टोप्पो की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और पैसे के लालच में इलाज में देरी करने का आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक मासूम के पिता मनीष टोप्पो ने बताया कि रविवार को वे अपनी पत्नी और तीन माह के बेटे के साथ बुलेट बाइक से कामडरा के पोकला से गुमला लौट रहे थे। इसी दौरान अम्बवा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए थे, जिनमें पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से चोटिल थे।
परिजनों का आरोप: ’18 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी नहीं मिला इलाज’
मनीष टोप्पो का आरोप है कि वे जब अपने घायल बेटे को लेकर केयर एडवांस हॉस्पिटल पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मियों ने प्राथमिक उपचार करने के बजाय पहले 18,000 रुपये जमा कराने की शर्त रख दी। पिता का कहना है कि रुपये जमा करने के बाद सीटी स्कैन और जांच तो शुरू हुई, लेकिन वे डॉक्टरों से बार-बार इलाज शुरू करने की गुहार लगाते रहे। आरोप है कि अस्पताल ने समय पर उपचार नहीं किया, जिससे बच्चे की हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद भी ‘धोखा’, रेफर करने का किया नाटक
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब बच्चे की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने उसे जीवित बताकर दूसरे निजी अस्पताल भेज दिया। बाद में वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल परिसर में हंगामा
मासूम की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में केयर एडवांस हॉस्पिटल पहुंच गए। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने अब इस मामले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रांची रेलवे स्टेशन पर 30.50 लाख रुपये का गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची में देर रात चला एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान, सड़क पर उतरे पुलिस अधिकारी
सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए न्यायाधीश, राष्ट्रपति मुर्मू ने नियुक्तियों को दी मंजूरी


















