उपायुक्त के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर मांगे जा रहे पैसे, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: साइबर ठगों ने एक बार फिर जिला प्रशासन को चुनौती देते हुए उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बना ली है। इस फर्जी आईडी के माध्यम से विभिन्न पदाधिकारियों और अन्य लोगों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मोबाइल नंबर 84567030532 से उपायुक्त की तस्वीर को डीपी में लगाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है तथा आर्थिक सहायता के नाम पर धनराशि मांगी जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्हाट्सएप नंबर और आईडी का उपायुक्त कंचन सिंह से कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि ऐसे किसी भी संदेश, कॉल अथवा वित्तीय मांग पर विश्वास न करें और किसी भी परिस्थिति में पैसे न भेजें।
प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि किसी को इस प्रकार का कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा पुलिस विभाग के साइबर सेल को दें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी उपायुक्त कंचन सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर अवैध उगाही का प्रयास किया गया था। उस मामले में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए धन उगाही की कोशिश सामने आने से साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से साइबर ठगी से बचने, किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना देने तथा पूरी तरह सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है।















