राज्यसभा चुनाव में उतरेगी भाजपा, एक सीट जीतने का दावा; प्रत्याशी की घोषणा शनिवार तक

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह तथा राज्यसभा चुनाव के प्रभारी, बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक एवं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा और शुक्रवार देर रात अथवा शनिवार सुबह तक उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
नवीन जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार को सभी विधायकों से समर्थन और वोट मांगने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार के पास पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों से समर्थन मांगने का अवसर रहेगा। भाजपा प्रत्याशी की घोषणा होते ही एनडीए के सभी विधायक नामांकन प्रक्रिया में एकजुट होकर शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा राज्यसभा की एक सीट पर निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनावी गणित और राजनीतिक परिस्थितियां पार्टी के पक्ष में हैं।
बैठक में राज्यसभा चुनाव के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विधायक सीपी सिंह, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी और कुमार उज्जवल समेत कई विधायक उपस्थित थे।
















