BJP National President Nitin Naveen gave the mantra of booth empowerment, called for preparations for 2029

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया बूथ सशक्तिकरण का मंत्र, 2029 की तैयारी में जुटने का आह्वान

BJP National President Nitin Naveen gave the mantra of booth empowerment, called for preparations for 2029
BJP National President Nitin Naveen gave the mantra of booth empowerment, called for preparations for 2029

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड प्रवास के दूसरे दिन प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा जब भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक सशक्त होगा और कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ संगठन विस्तार में जुटेंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मीडिया, प्रवक्ता, सोशल मीडिया एवं आईटी सेल के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान टीम का गठन वर्ष 2029 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर किया गया है और यही टीम आगामी चुनावों का नेतृत्व करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से 2029 की तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा झारखंड का गढ़ था, है और रहेगा। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए नियमित बैठकों, बूथ सशक्तिकरण, सक्रिय कार्यकर्ता निर्माण तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानपूर्वक संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला एवं मंडल स्तर पर नियमित कोर कमेटी बैठकों और संगठनात्मक प्रवास को अनिवार्य बताते हुए इसकी समीक्षा करने के निर्देश दिए।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए उन्होंने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक इसकी नियमित मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक जिले में 500 प्रबुद्ध नागरिकों की सूची तैयार कर उनके साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नितिन नवीन का जीवन भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का उदाहरण है। उनका झारखंड दौरा संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए नया संबल प्रदान करेगा।

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय जनसमस्याओं और जनमुद्दों को लेकर सक्रिय आंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य की जेएमएम-कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने झारखंड भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, बूथ सशक्तिकरण अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आगामी गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन गणेश मिश्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी ने किया।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now