सामलौंग गोलीकांड: दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी के पास बुधवार रात हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी मो. टीपू उर्फ सद्दाम और मो. इरशाद आलम उर्फ बौना के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, इस घटना का मुख्य आरोपी अभी फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात अराफात अपार्टमेंट के समीप स्थित एक जनरल स्टोर के पास शमशेर आलम और अरमान चाय पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और शमशेर को किनारे ले जाकर उस पर गोली चला दी। गोली शमशेर के चेहरे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल शमशेर आलम का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
















