RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला: भाजपा ने बताया कायरतापूर्ण, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग

रांची: राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना को लेकर झारखंड भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इस घटना को कायरतापूर्ण, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं ने घटना के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेता संघ कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। भाजपा का कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है और इसकी निष्पक्ष तथा गहन जांच होनी चाहिए।
आदित्य साहू बोले- अपराधियों का मनोबल बढ़ा
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संघ कार्यालय पर हमला एक जघन्य अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और उन्हें कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दशकों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कार के कार्यों में जुटा हुआ है। ऐसे संगठन के कार्यालय को निशाना बनाना केवल एक संस्था पर हमला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना और सकारात्मक सामाजिक मूल्यों पर हमला है।
साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की कि 24 घंटे के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
बाबूलाल मरांडी ने की निष्पक्ष जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि आरएसएस जैसे वैचारिक संगठन के कार्यालय पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है।
मरांडी ने कहा कि इस हमले के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए। उन्होंने रांची के एसपी, डीसी और डीजीपी से बात कर दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने संघ कार्यालय के पास स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
संगठन महामंत्री ने भी की कड़ी निंदा
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।

















