राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी की जीत से भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत के बाद झारखंड भाजपा में उत्साह का माहौल है। भाजपा नेताओं ने पहले ही उनकी जीत का दावा किया था, जो चुनाव परिणाम के साथ सच साबित हुआ। जीत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में नाथवानी का भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई नेताओं ने नाथवानी को जीत की शुभकामनाएं दीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!“यह जीत की शुरुआत है” : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह विजय एनडीए की एकजुटता, मजबूत संगठन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर बताया। साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी विधायक एकजुट रहे और विपक्ष द्वारा फैलाए गए तमाम दावे व अफवाहें गलत साबित हुईं। उन्होंने कहा कि यह जीत झारखंड में आगे आने वाली राजनीतिक सफलताओं की शुरुआत है।
परिणाम अप्रत्याशित नहीं था : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी के साथ ही उनकी जीत लगभग तय हो गई थी। उन्होंने कहा कि नाथवानी पहले भी झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने कार्यों से उन्होंने विधायकों के बीच विश्वास कायम किया है। मरांडी ने कहा कि राज्यहित और विकास को ध्यान में रखते हुए विधायकों ने मतदान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नाथवानी अपने अनुभव और दूरदृष्टि के बल पर राज्य में निवेश, विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
एनडीए की एकजुटता का परिणाम : कर्मवीर सिंह
भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता और मजबूत संगठनात्मक क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब संगठन और संकल्प साथ चलते हैं तो सफलता निश्चित होती है।
“झारखंड मेरी कर्मभूमि है” : परिमल नाथवानी
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए परिमल नाथवानी ने कहा कि झारखंड उनके लिए कोई नया प्रदेश नहीं है, बल्कि यह उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि 2008 से 2020 तक राज्यसभा में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के बाद एक बार फिर राज्य की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
नाथवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा नेतृत्व, एनडीए के सहयोगी दलों और सभी विधायकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक फोकस ग्रामीण विकास, कौशल विकास, कुटीर उद्योगों के पुनर्जीवन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार पर रहेगा।
कई वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई
नाथवानी की जीत पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, विधायक सरयू राय सहित भाजपा, आजसू, लोजपा और एनडीए के अनेक नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। राज्यसभा चुनाव में मिली इस जीत को भाजपा और एनडीए नेताओं ने संगठन की मजबूती तथा विकास की राजनीति में जनता के विश्वास का प्रतीक बताया है।
















