चोर को महिला के कपड़े पहनाकर घुमाया गया, चोरी के जेवरात के साथ पकड़ा गया

रांची: राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित झिरी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एक कथित शातिर चोर चोरी के जेवरात के साथ पकड़ा गया। ग्रामीणों ने आरोपी को महिला के कपड़े पहनाकर पूरे गांव में घुमाया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 25 वर्षीय श्रवण पाहन के रूप में हुई है। उस पर बुधवार रात गांव निवासी स्वर्गीय रवि मुंडा की पत्नी सीता देवी के घर में चोरी करने का आरोप है। ग्रामीणों ने उसे गंगुटोली इलाके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि झिरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे लोगों में काफी आक्रोश था। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने उसे महिला वस्त्र पहनाए और पूरे गांव में घुमाकर विरोध जताया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कर अपने साथ थाना ले गई। पुलिस ने बरामद जेवरात को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















