शारदा ग्लोबल स्कूल में नशा मुक्ति और ट्रैफिक नियमों पर जागरूकता अभियान

रांची: शारदा ग्लोबल स्कूल, बुकरू (कांके) में शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की ओर से नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम, रांची ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अधिकारियों ने छात्रों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, भंडारण और तस्करी से जुड़े दंडनीय प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। झारखंड सरकार द्वारा नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाई जा रही मुहिम, नई नीति और सूचना देने वालों के लिए घोषित इनाम की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
इस दौरान सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए ट्रैफिक नियमों के पालन की आवश्यकता बताई गई। छात्रों को सुरक्षित आवागमन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग सहित अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए उपयोगी बताया।
















