RPF Hatia organised passenger awareness campaign under 'Operation Jan Jagran'

आरपीएफ हटिया द्वारा ‘ऑपरेशन जन जागरण’ के तहत यात्री जागरूकता अभियान आयोजित

Share
Link copied
RPF Hatia organised passenger awareness campaign under 'Operation Jan Jagran'
RPF Hatia organised passenger awareness campaign under ‘Operation Jan Jagran’

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट हटिया द्वारा पोस्ट कमांडर के पर्यवेक्षण में रेलवे स्टेशन हटिया एवं विभिन्न ट्रेनों में ‘ऑपरेशन जन जागरण’ के अंतर्गत एक व्यापक यात्री जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को नशाखोरी, विषखुरानी तथा रेलवे सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं के प्रति सतर्क करना था।

अभियान के दौरान आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों ने यात्रियों को बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ या अन्य वस्तुओं को स्वीकार न करें। यात्रियों को केवल रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में अधिकृत स्टॉल एवं अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के खतरों, फुटओवर ब्रिज के अनिवार्य उपयोग, फुटबोर्ड या ट्रेन की छत पर यात्रा न करने, अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग से बचने तथा मानव तस्करी, पत्थरबाजी एवं ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन पर प्रतिबंध जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा विषयों पर भी जागरूक किया गया।

महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी यात्रियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की गई। अभियान के दौरान रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति, सुरक्षा समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर यात्री तुरंत इस नंबर का उपयोग करें।

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान अपनी तथा सह-यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।