आरपीएफ हटिया द्वारा ‘ऑपरेशन जन जागरण’ के तहत यात्री जागरूकता अभियान आयोजित

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट हटिया द्वारा पोस्ट कमांडर के पर्यवेक्षण में रेलवे स्टेशन हटिया एवं विभिन्न ट्रेनों में ‘ऑपरेशन जन जागरण’ के अंतर्गत एक व्यापक यात्री जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को नशाखोरी, विषखुरानी तथा रेलवे सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं के प्रति सतर्क करना था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभियान के दौरान आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों ने यात्रियों को बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ या अन्य वस्तुओं को स्वीकार न करें। यात्रियों को केवल रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में अधिकृत स्टॉल एवं अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के खतरों, फुटओवर ब्रिज के अनिवार्य उपयोग, फुटबोर्ड या ट्रेन की छत पर यात्रा न करने, अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग से बचने तथा मानव तस्करी, पत्थरबाजी एवं ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन पर प्रतिबंध जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा विषयों पर भी जागरूक किया गया।
महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी यात्रियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की गई। अभियान के दौरान रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति, सुरक्षा समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर यात्री तुरंत इस नंबर का उपयोग करें।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान अपनी तथा सह-यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
















