खूंटी के तिलमी जंगल में पुलिस-पीएलएफआई मुठभेड़, टॉप कमांडर श्रवण दास घायल; आधा दर्जन उग्रवादी गिरफ्तार!

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र स्थित तिलमी जंगल में शनिवार को पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पीएलएफआई का टॉप कमांडर श्रवण दास घायल हो गया, जबकि पुलिस ने आधा दर्जन उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलमी जंगल में पीएलएफआई के उग्रवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए जंगल क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से कुछ समय तक गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ के दौरान पीएलएफआई का कुख्यात कमांडर श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि पुलिस की ओर से उसके स्वास्थ्य और गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
अभियान के दौरान पुलिस ने छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से चार पिस्टल, कई देशी कट्टा, एक दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस तथा कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे संगठन की गतिविधियों और संभावित साजिशों का खुलासा हो सकता है।
पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि मुठभेड़ के बाद कुछ उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
















