Three hardcore PLFI militants arrested in Khunti, weapons and pamphlets recovered

खूंटी में PLFI के 3 हार्डकोर उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और पर्चा बरामद

Share
Link copied
Three hardcore PLFI militants arrested in Khunti, weapons and pamphlets recovered
Three hardcore PLFI militants arrested in Khunti, weapons and pamphlets recovered

खूंटी : जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने संगठन के तीन हार्डकोर उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, पीएलएफआई का पर्चा और एक पहचान पत्र बरामद किया गया है।

खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि छह मई को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा थाना क्षेत्र के जंगल में पीएलएफआई संगठन के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने और लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

संयुक्त टीम में तोरपा अंचल पुलिस, कर्रा थाना, रनियां थाना, जरियागढ़ थाना, खूंटी तकनीकी शाखा और कर्रा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन उग्रवादियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ये सभी 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुट्टू के समीप रेलवे कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग, आगजनी और पर्चा चिपकाने की घटना में शामिल थे। इसके अलावा तोरपा थाना क्षेत्र में गैस गोदाम संचालक के वाहन पर फायरिंग की घटना में भी इनकी भूमिका सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सामुएल गुड़िया पूर्व से उग्रवादी गतिविधियों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कर्रा थाना कांड संख्या 33/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2)(3)/5, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 तथा 17 CLA एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।