alert-diwali-kali-puja-district-administration

दीपावली और काली पूजा को लेकर अलर्ट जिला प्रशासन, डीसी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

Share
Link copied
alert-diwali-kali-puja-district-administration
alert-diwali-kali-puja-district-administration

रांची: दीपावली एवं काली पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन अलर्ट है। गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न काली पूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दीपावली और काली पूजा को लेकर अलर्ट जिला प्रशासन, डीसी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

उपायुक्त ने अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउंड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरंडा बाजार, काली मंदिर डोरंडा, कुसई कॉलोनी, छप्पन सेट और एजी कॉलोनी स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन करने, बिजली की वायरिंग सुरक्षित रखने और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने पर जोर दिया। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने की भी अपील की।

दीपावली और काली पूजा को लेकर अलर्ट जिला प्रशासन, डीसी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजा समितियों को स्थानीय थाना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने का निर्देश दिया गया। जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल करने को कहा गया। साथ ही भड़काऊ गीतों, नारों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।

प्रशासन ने दीपावली पर भी आम लोगों से सुरक्षित तरीके से आतिशबाजी करने की अपील की है। बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने और ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल पंपों तथा विद्युत प्रतिष्ठानों के आसपास आतिशबाजी से बचने की सलाह दी गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीओ सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, एडीएम धनंजय, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, नगर निगम के पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे और शांति समिति के सदस्य सहित अन्य लोग मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।