सिमडेगा में वज्रपात का कहर: 15 मवेशियों की मौत, किसानों को भारी नुकसान

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जिले के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत कोनमेंजरा गांव में सोमवार दोपहर हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 15 मवेशियों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के मवेशी खेतों के समीप खुले मैदान में घास चर रहे थे। इसी दौरान दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ जोरदार वज्रपात होने लगी। एक बिजली की चपेट में आने से 15 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मृत मवेशियों में कई बैल भी शामिल हैं, जिनका उपयोग किसान खेती-बाड़ी और खेतों की जुताई के लिए करते थे। खरीफ सीजन की शुरुआत के समय हुई इस घटना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बैलों के अभाव में खेती कार्य प्रभावित हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर मृत मवेशियों के लिए सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

















