BLO के बैग पर सीएम की तस्वीर को लेकर भाजपा की शिकायत, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का भी उठाया मुद्दा

रांची: झारखंड भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं SIR के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने इस संबंध में दो अलग-अलग पत्र लिखकर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि 30 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुछ बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले थैले का उपयोग किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, इसलिए इस प्रकार की सामग्री का उपयोग उचित नहीं है। भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा भाजपा ने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-176 पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का भी मुद्दा उठाया है। शिकायत में कहा गया है कि कई मतदाताओं के नाम एक ही बूथ पर दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं तथा उनके दो-दो मतदाता पहचान पत्र (EPIC) और अलग-अलग ईपिक नंबर मौजूद हैं, जो निर्वाचन नियमों के अनुरूप नहीं है।
भाजपा ने अपने शिकायत पत्र के साथ संबंधित दस्तावेज और प्रमाण भी निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराए हैं। पार्टी ने आयोग से दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

















