संजय सेठ ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगाया, लोगों से की सौर ऊर्जा अपनाने की अपील

रांची: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अपने रांची स्थित आवास की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में योजना के लाभ गिनाते हुए लोगों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की।
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। पिछले 12 वर्षों में स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा सौर ऊर्जा एक जन-आंदोलन का रूप ले रही है।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए केंद्र सरकार आकर्षक सब्सिडी दे रही है। इससे बिजली बिल में कमी आएगी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि किसान सौर ऊर्जा से सिंचाई कर रहे हैं और आम लोग अपने घरों में बिजली उत्पादन कर खर्च बचा रहे हैं। 300 यूनिट तक मासिक बिजली खपत वाले परिवार अपनी जरूरत के अनुसार बिजली पैदा कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली को नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड में भेजकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
संजय सेठ ने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर ₹30,000, 2 किलोवाट तक ₹60,000 और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी दी जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे बिजली की बचत होगी, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और विकसित भारत के निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण के अभियान को नई गति मिलेगी।

















