JMM ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया में ECINet ऐप का अनिवार्य रूप से उपयोग कराया जाए और सभी आवश्यक दस्तावेजों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
JMM ने अपने पत्र में कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) बिना ऐप का उपयोग किए केवल कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ सकते हैं।
पार्टी ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि एन्यूमरेशन के दौरान प्रत्येक मतदाता की जानकारी ECINet ऐप के माध्यम से ही दर्ज की जाए, ताकि जमा किए गए दस्तावेजों का डिजिटल सत्यापन और सुरक्षित रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO), निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) और BLO को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
JMM ने यह भी आग्रह किया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और तकनीकी रूप से प्रमाणिक तरीके से संपन्न हो, ताकि मतदाताओं का विश्वास बना रहे।
















