75-year-old woman murdered on suspicion of witchcraft; two accused arrested within 24 hours.

डायन-बिसाही के शक में 75 वर्षीय वृद्धा की हत्या, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied
75-year-old woman murdered on suspicion of witchcraft; two accused arrested within 24 hours.
75-year-old woman murdered on suspicion of witchcraft; two accused arrested within 24 hours.

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र के किताहातु गांव में डायन-बिसाही के संदेह में 75 वर्षीय वृद्धा एतवारी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधविश्वास के चलते दोनों आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना 2 जुलाई की दोपहर की है। एतवारी देवी अपने घर के आंगन में थीं, तभी उन पर धारदार और ठोस हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में मृतका के पोते बिरसा मुंडा के आवेदन पर सायको थाना में कांड संख्या 12/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामूदा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय दिनाय मुंडा और 19 वर्षीय मंगल मुंडा के रूप में हुई है। दोनों मृतका के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा, पत्थर और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

अंधविश्वास बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के मन में लंबे समय से एतवारी देवी को लेकर अंधविश्वास था। आरोपियों का मानना था कि एक बार एतवारी देवी द्वारा मंगल मुंडा के बच्चे को गोद में लेने के बाद बच्चा बीमार पड़ गया था। वहीं, दिनाय मुंडा की मां के बीमार होने की घटना को भी उन्होंने डायन-बिसाही से जोड़ लिया। इसी भ्रम और अंधविश्वास के कारण दोनों ने मिलकर वृद्धा की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

एसपी ने की जागरूकता की अपील

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि डायन-बिसाही जैसी कुरीतियां समाज के लिए अभिशाप हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमारी या किसी भी समस्या की स्थिति में झाड़-फूंक और अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं।

जांच टीम में शामिल अधिकारी

एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा के नेतृत्व में गठित टीम में सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय, एसआई मुकेश कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक रौशन बाड़ा, हवलदार प्रदीप संगा, पवन कुमार तथा आरक्षी सोबरन लोहरा शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।