चलती कार रोककर लूट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई कार बरामद

रांची: राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना पुलिस ने चलती कार रोककर लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे पवन कुमार राणा अपनी मारुति बलेनो कार (JH01FF-1647) से तुपुदाना स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान सैटेलाइट चौक से बिरसा चौक जाने वाले बाईपास रोड पर एक पीले रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार में सवार चार लोगों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने कार का शीशा पीटते हुए चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जबरन उन्हें अपनी कार में बैठाने का प्रयास किया। पीड़ित किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन आरोपी उसकी बलेनो कार लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर जगरनाथपुर थाना में कांड संख्या 176/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनकी निशानदेही पर लूटी गई बलेनो कार बरामद कर ली। घटना में प्रयुक्त रेनॉल्ट ट्राइबर कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव रंजन, उमेश प्रसाद राय और विशाल कुमार दुबे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त पीले रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार (JH01DS-5575), लूटी गई नीले रंग की मारुति बलेनो कार (JH01FF-1647) बरामद किए हैं l पुलिस इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।

















