रांची में देर रात पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 8 बार में छापेमारी; नाबालिग मिले, खुले में शराब पीने वालों पर भी सख्ती

रांची: राजधानी रांची में शनिवार देर रात पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर शहर के बार, पब और शराब दुकानों के बाहर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान आठ बारों में छापेमारी की गई, जहां कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभियान के दौरान एक बार में नाबालिगों की मौजूदगी भी सामने आई। पुलिस के अनुसार ड्रामा बार से तीन नाबालिग मिले, जिसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं मून टाउन बार में न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करते हुए निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। इस मामले में भी कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने केवल बार और पब तक ही अभियान सीमित नहीं रखा, बल्कि शराब दुकानों के बाहर भी सघन जांच की। खुले में शराब पीते मिले लोगों पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखते ही कई लोग मौके से भागने का प्रयास करते नजर आए।
यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी समेत पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ पहुंचकर नियमों के पालन की जांच की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बार और पब में अवैध गतिविधियों, नाबालिगों के प्रवेश, ध्वनि प्रदूषण और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।















