गोला में चमड़ा लदा ट्रक जब्त, तस्करी की आशंका पर पुलिस जांच में जुटी

रामगढ़ : रामगढ़ जिले के गोला थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम एक चमड़ा लदे ट्रक को पकड़कर जब्त कर लिया। पुलिस को आशंका है कि ट्रक में लदा चमड़ा तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक ट्रक में पशुओं का चमड़ा लादकर कहीं अन्यत्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर गोला थाना के समीप वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में चमड़ा लदा मिला, जिसके बाद वाहन को जब्त कर गोला थाना लाया गया। पुलिस अब चमड़े के स्रोत, परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तस्करी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















