निर्माणाधीन बार एसोसिएशन भवन का निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: सिमडेगा कचहरी परिसर में निर्माणाधीन बार एसोसिएशन भवन का रविवार को आदिवासी नेता दिलीप तिर्की ने अधिवक्ताओं के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के एसडीओ, जूनियर इंजीनियर (जेई) और संवेदक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिवक्ताओं ने भवन निर्माण में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि पर्याप्त लागत से तैयार हो रहे इस भवन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बार एसोसिएशन के सचिव ने विशेष रूप से भवन की छत को मजबूत और टिकाऊ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिले के कई सरकारी भवनों की छतें कुछ ही वर्षों में टपकने लगती हैं। इसलिए बार भवन के निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान दिलीप तिर्की ने निर्माण स्थल पर रखी कुछ ईंटों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और संवेदक को निर्देश दिया कि मानक के अनुरूप नहीं पाई गई ईंटों को तत्काल हटाकर उनकी जगह गुणवत्तापूर्ण ईंटों का उपयोग किया जाए। निर्देश के बाद कमजोर ईंटों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
दिलीप तिर्की ने कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान विभाग का साइट इंजीनियर नियमित रूप से स्थल पर मौजूद रहे, ताकि कार्य की लगातार निगरानी होती रहे।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने भी निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई, ताकि बार एसोसिएशन को एक सुरक्षित, मजबूत और दीर्घकालिक भवन उपलब्ध हो सके।















