रांची में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम: एक दिन में 380 आवेदन मिले, 160 मामलों का मौके पर ही निपटारा

रांची: रांची पुलिस द्वारा बुधवार को जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों में पहुंचकर आम लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निष्पादन का प्रयास किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम के दौरान जिलेभर से करीब 380 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 160 मामलों का उसी दिन निष्पादन कर दिया गया। शेष मामलों की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने लालपुर थाना, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक ने सुखदेवनगर और कोतवाली थाना, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बूढ़मू थाना तथा यातायात पुलिस अधीक्षक ने अरगोड़ा थाना में उपस्थित होकर लोगों की शिकायतें सुनीं। इसके अलावा सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से सीधे संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान शादी का झांसा देकर यौन शोषण, जमीन विवाद, चोरी, महिला उत्पीड़न समेत कई गंभीर और संवेदनशील शिकायतें सामने आईं। इन मामलों में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कुल 11 नए कांड दर्ज किए गए हैं, जबकि अन्य मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच जारी है।














