लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: कई होटलों और बेकरी में मिली भारी अनियमितताएं, एक को नोटिस

आनंद कुमार सोनी/ लोहरदगा
लोहरदगा: जिले में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में शहर के कई होटल, रेस्टोरेंट, फास्ट फूड स्टॉल और बेकरियों में औचक छापेमारी की गई। इस दौरान कई जगहों पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान सामने आई ये कमियां
निरीक्षण के दौरान विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में कई गंभीर अनियमितताएं पाईं:
एक्सपायरी सामान का खेल: ‘मेसर्स वेल्वेट केक एंड मोर’ में एक्सपायरी कुकीज और बिस्किट मिले, जिन्हें तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, ‘सुधीर फास्ट फूड’ (नदिया) में एक्सपायरी मायोनिज का इस्तेमाल होते पाया गया, जिसे विभाग ने फेंकवा दिया।
स्वच्छता में लापरवाही: ‘अदिति भोजनालय’ में साफ-सफाई के मानक संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके चलते संचालक को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।
गुणवत्ता पर सवाल: ‘झारखंडी मटन होटल’ को ढक्कनयुक्त डस्टबिन इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ‘दिलीप होटल’ और ‘अदिति भोजनालय’ में पनीर और रसगुल्ले की जांच के दौरान संचालकों को स्टार्च, मैदा और अरारोट का प्रयोग कम करने की सख्त हिदायत दी गई।
खूंटी डबल मर्डर: तजना नदी के नीचे मिले महिला और युवक के शव, पति पर हत्या का गंभीर आरोप
संचालकों को दी गई सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर ने सभी दुकानदारों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निम्नलिखित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा:
प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस होना अनिवार्य है।
केवल सरकार द्वारा अनुमोदित रंगों का ही उपयोग करें।
काम करते समय एप्रन और हेड कवर का उपयोग अनिवार्य है।
खाद्य तेल के उपयोग में मानकों का ध्यान रखें।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस अभियान में विशेष दंडाधिकारी मनीष कुमार, अंचल निरीक्षक लोहरदगा, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी विश्वनाथ गगराई और विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार मौजूद रहे।
















