खूंटी डबल मर्डर: तजना नदी के नीचे मिले महिला और युवक के शव, पति पर हत्या का गंभीर आरोप

आनंद कुमार सोनी
खूंटी: खूंटी जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित घाघरा गांव के पास तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) लोहरदगा जिले के भंडरा थाना अंतर्गत बड़गांई गांव के निवासी थे।
सरकारी वाहन छोड़ने की चर्चाओं पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने तोड़ी चुप्पी, बताया महज अफवाह
मृतका नेहा कुमारी का ससुराल गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव में है। नेहा अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम को नेहा अपने पांच वर्षीय बेटे को मायके लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ ससुराल गई थी। वहां पति कुंदन प्रमाणिक से बेटे को ले जाने को लेकर विवाद हुआ।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद जब वे लौट रहे थे, तो कुंदन प्रमाणिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें रास्ते में रोका। बाइक को टक्कर मारकर गिराने के बाद दोनों को जबरन स्कॉर्पियो में उठाकर ले जाया गया और बाद में उनकी हत्या कर शवों को खूंटी स्थित तजना नदी पुल के नीचे फेंक दिया गया।
पुलिस जांच और एफएसएल की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा, खूंटी सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह और सोयको थाना प्रभारी पीआर पांडे समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
साक्ष्य: पुल के ऊपर खून के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि हत्या वहीं की गई है।
जांच: एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
विशेष टीम: मामले के खुलासे के लिए डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
मृतकों के परिजनों ने करंज पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के बाद नेहा मदद के लिए पुलिस थाने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का दर्द है कि “अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो दो निर्दोषों की जान नहीं जाती।”
बेगुनाह ने दी अपनी जान
इस पूरे मामले का सबसे दुखद पहलू अरुण कुमार राणा की मौत है। वह केवल अपनी पड़ोसन नेहा की मदद के लिए उसके साथ गया था। पेशे से फर्नीचर कारीगर अरुण को शायद यह नहीं पता था कि नेहा की मदद करने की कोशिश में उसे अपनी जान गंवानी पड़ेगी।
झारखंड में कानून व्यवस्था पर भाजपा का हमला, दीनदयाल बरनवाल बोले- अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी कुंदन प्रमाणिक और उसके सहयोगियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
















