food-safety-department-raids-dhanbad-chemical

धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई दुकानों के छोले और मिठाइयों में मिला रासायनिक रंग

Share
Link copied
food-safety-department-raids-dhanbad-chemical
food-safety-department-raids-dhanbad-chemical

धनबाद: आगामी त्योहारों को देखते हुए धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। रांची से पहुंची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) की मदद से शहर के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट फूड स्टॉल, होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों के छोले, चिकन मसाले, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में रासायनिक रंग अथवा मिलावट पाई गई। संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

Advertisment
Advertisment

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव प्रसाद के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में जांच दल ने हीरापुर बाजार से पुलिस लाइन तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। मोबाइल लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की रासायनिक जांच मौके पर ही की गई।

Advertisment
Advertisment

जांच के दौरान सुपर श्री राम चाट, विजय चाट शॉप, शुभम चाट, जय गुरु चाट सेंटर, मुरारी कुमार चाट ठेला, स्पाइसी चाट एंड मोमोज, चाट शॉप ठेला, हॉट एंड टेस्टी चाट और स्पाइसी अमृत चाट के छोले में रासायनिक रंग पाया गया। सभी जगह संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।

Advertisment
Advertisment

काली दस किचेन में चिकन के मसाले में रासायनिक रंग मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। वहीं, राजस्थानी नमकीन दुकान में मोतीचूर, बेसन और घी के लड्डू में रासायनिक रंग पाया गया। धनंजय मंडल के समोसा ठेले पर आलू के मसाले और चटनी में भी रासायनिक रंग मिला। इन खाद्य पदार्थों को भी मौके पर नष्ट कराया गया। शंकर होटल के मालिक पंकज महतो के ठेले पर हल्दी में मिलावट पाई गई। इसके बाद मिलावटी हल्दी के साथ उससे तैयार खाद्य सामग्री को भी नष्ट कराया गया। शंकर मिष्ठान भंडार के बेसन के लड्डू में भी रासायनिक रंग मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।

Advertisment
Advertisment

जांच के दौरान चाट चटोरी दुकान में खाद्य लाइसेंस नहीं मिला और साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। धनबाद समोसा चाट वाले के स्टॉल पर गंदगी मिलने के बाद सुधार करने का निर्देश दिया गया। झारखंड चिकन पकौड़ा ठेले पर साफ-सफाई की स्थिति खराब थी और पकौड़े बनाने वाली कढ़ाई भी गंदी मिली। संचालक को स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्था में सुधार करने को कहा गया। इसके अलावा 16 अन्य ठेलों पर भी खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के मानकों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।

Advertisment
Advertisment

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन कुल 83 खाद्य नमूनों की रासायनिक जांच की गई थी। संबंधित कारोबारियों को कमियों में सुधार के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थ जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RKDF
advertisement

धनबाद के नागरिकों को स्वच्छ, शुद्ध और मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के साथ यह अभियान जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा। जांच दल में नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजया परमार, चंदन साव, चंद्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक के अलावा राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार और शुभम कुमार शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
गोविंद मोदक

गोविंद मोदक

रिपोर्टर

पत्रकार | न्यूज़ रिपोर्टर | मीडिया प्रोफेशनल गोविंद मोदक धनबाद, झारखंड के पत्रकार हैं और उन्हें पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपराध, राजनीति, सामाजिक एवं नागरिक मुद्दों, जनसरोकार और जमीनी स्थानीय खबरों पर रिपोर्टिंग की है। उन्होंने Newz India 24, TV45 Satellite Channel, DHN24, Vande Bharat News, Chanakya News India Jharkhand और Bharatmitra News जैसे मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ कार्य किया है। उनकी पत्रकारिता तथ्यपरक, जिम्मेदार और जमीनी रिपोर्टिंग पर केंद्रित है, जिसमें आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना शामिल है। मुख्य विशेषज्ञता: अपराध एवं राजनीतिक रिपोर्टिंग • जमीनी पत्रकारिता • सामाजिक एवं नागरिक मुद्दे • जनसरोकार • प्रभावी संवाद एवं नेटवर्किंग