सनकी पिता बना हैवान: 13 वर्षीय बेटी की हत्या, बचाने आए बुजुर्ग की भी जान ली; आरोपी गिरफ्तार

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित बेलूडीह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही 13 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे 68 वर्षीय बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक सरजू मंडल (68) बताए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की पिटाई कर रहा था। इसी दौरान पास के खेत में मकई की कोड़ाई कर रहे सरजू मंडल बच्ची को बचाने पहुंचे और आरोपी को रोकने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि इससे गुस्साए मनोज मंडल ने सरजू मंडल पर भी जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















