जमशेदपुर: केनरा बैंक शाखा से करोड़ों का सोना गायब, पूर्व मैनेजर समेत 5 अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित जाकिर नगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। बैंक के गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट गायब मिलने से बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया है। बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

कैसे खुला मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शाखा में नियमित ऑडिट (Audit) की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान गोल्ड लोन से संबंधित अभिलेखों (Documents) का मिलान बैंक के लॉकर में सुरक्षित रखे गए सोने से किया गया। इस प्रक्रिया में कई पैकेट गायब पाए गए। गड़बड़ी सामने आते ही बैंक प्रबंधन ने तत्काल आंतरिक जांच शुरू की और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह कथित गड़बड़ी 12 जून से 18 जून के बीच होने की आशंका जताई जा रही है।
इन अधिकारियों पर दर्ज हुई एफआईआर
एफआईआर में तत्कालीन शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों को नामजद किया गया है। जिन लोगों पर गाज गिरी है, उनमें शामिल हैं:
- मोहम्मद शाबीर (तत्कालीन सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज)
- इमरान खान (गोल्ड लोन ऑफिसर)
- सूरज टुडू (द्वितीय चाबी अधिकारी)
- रिया घोष (अधिकारी)
- अनुज टोप्पो (शाखा प्रभारी)
- इनके अलावा दो अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। बैंक प्रबंधन के मुताबिक, वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी इस शाखा में कार्यरत नहीं है, सभी का तबादला या अन्य जगहों पर पदस्थापन हो चुका है।
JPSC अध्यक्ष एलबी ख्यांग्ते का इस्तीफा स्वीकार, राज्यपाल ने दी मंजूरी
पुलिस और बैंक स्तर पर जांच जारी
आजादनगर थाना की पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में लॉकर से करोड़ों रुपये का सोना गायब हुआ। इस कथित अनियमितता में किसकी क्या भूमिका थी और क्या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश रची गई थी, पुलिस इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं, दूसरी ओर बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर इंटरनल ऑडिट और दस्तावेजों की जांच को आगे बढ़ा रहा है।
















