JPSC अध्यक्ष एलबी ख्यांग्ते का इस्तीफा स्वीकार, राज्यपाल ने दी मंजूरी

नविन कुमार
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के अध्यक्ष एलबी ख्यांग्ते का इस्तीफा राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वीकार कर लिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद संबंधित प्रस्ताव मुख्य सचिव के माध्यम से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग को अधिसूचना जारी करने के लिए भेज दिया गया है।
एलबी ख्यांग्ते ने अपने इस्तीफे में कहा है कि उनके कार्यकाल में आयोग ने निष्पक्ष और बेहतर तरीके से कार्य किया तथा आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन किया। उन्होंने उल्लेख किया कि इसके बावजूद आयोग के कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी हुई, जिससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा।
उन्होंने अपने पत्र में यह भी कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता का विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। राज्यपाल द्वारा इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद अब आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
















