SIR प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ाने की मांग, कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रांची: झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के लिए 15 दिनों का अतिरिक्त समय देने की मांग की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कांग्रेस का कहना है कि राज्य में चल रहे श्रावणी मेले के कारण देवघर समेत आसपास के कई जिलों में बड़ी संख्या में मतदाता सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए समयसीमा बढ़ाना आवश्यक है।
केशव महतो कमलेश ने बताया कि सत्यापन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई निर्धारित है। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई तक करीब 13 लाख मतदाताओं का सत्यापन हुआ था, जो 27 जुलाई तक बढ़कर लगभग 40 लाख हो गया है। इसके बावजूद कई स्थानों पर ऑनलाइन मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हुई है और बड़ी संख्या में लोग “अनट्रेसेबल” की श्रेणी में दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि 5 अगस्त के बाद प्रस्तावित सुनवाई प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए कम-से-कम 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और 29 जुलाई ही फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। उन्होंने बताया कि लगभग 99 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची प्रदर्शित की जाएगी और राजनीतिक दलों को इसकी हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें।
समयसीमा बढ़ाने की मांग पर रवि कुमार ने कहा कि फिलहाल इसकी आवश्यकता महसूस नहीं की जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही संचालित होगी।

















