नशाखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ लोअर बाजार पुलिस का अभियान, युवकों को दी कड़ी चेतावनी

रांची: राजधानी रांची में नशाखोरी और अड्डेबाजी पर लगाम लगाने के लिए लोअर बाजार पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभियान के दौरान पुलिस ने कांटाटोली वाईएमसीए गली, सुल्तान लेन, कांटाटोली कुरैशी मोहल्ला और इदरिश कॉलोनी का दौरा किया। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा सार्वजनिक स्थानों, खाली जगहों और टेंपो स्टैंड के आसपास अड्डेबाजी कर रहे युवकों को सख्त हिदायत दी।
थाना प्रभारी लव कुमार ने युवकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में अड्डेबाजी करते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने की अपील की और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा।
लोअर बाजार पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
















