गणेश पूजा को लेकर रांची में पुलिस का विशेष अभियान, अपराधियों और अड्डेबाजों पर कसा शिकंजा

रांची: गणेश पूजा के दौरान राजधानी में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों का क्षेत्र भ्रमण कर पूजा पंडालों, संवेदनशील स्थानों और क्राइम ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक यातायात समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान गणेश पूजा के लिए बनाए गए विभिन्न पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पंडालों के आसपास भीड़, पार्किंग, आवागमन और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्रों के अलावा मुंडला पहाड़ समेत अन्य संवेदनशील इलाकों का भी निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए गश्ती और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ आवश्यक निरोधात्मक और विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस ने उन स्थानों का भी जायजा लिया, जहां अड्डेबाजी, नशेबाजी अथवा असामाजिक गतिविधियों की शिकायत या संभावना रहती है। ऐसे क्षेत्रों में नियमित गश्ती और भौतिक निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुंडला पहाड़ क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से अवैध शराब बरामद की गई।

अपर बाजार क्षेत्र के बड़ा तालाब और आसपास के इलाकों का भी निरीक्षण किया गया। पूर्व में सामने आई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए यहां पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ऐसे डिवाइडर कटिंग को चिन्हित किया, जिनके कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस अधीक्षक यातायात के साथ विचार-विमर्श के बाद इन कटिंग को स्लाइडिंग बैरियर के माध्यम से बंद कराने का निर्णय लिया गया है।

सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति को देखते हुए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि गणेश पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहे। अपराध, स्नैचिंग, अड्डेबाजी, नशेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रखने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।
चान्हो में ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान स्कूल बस पलटी, बाल-बाल बचा चालक
रांची: चान्हो थाना क्षेत्र के लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के पास बुधवार सुबह बाल विकास स्कूल की बस हादसे का शिकार…
ठेठईटांगर में हाथियों का आतंक, 60 वर्षीय विधवा महिला को कुचलकर मार डाला
शंभू कुमार सिंह सिमडेगा/ठेठईटांगर। ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार की शाम करीब…
















