गुरु पूर्णिमा पर रामरेखा धाम और देवराहा बाबा आश्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को सिमडेगा स्थित रामरेखा धाम और देवराहा बाबा आश्रम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दोनों धार्मिक स्थलों पर भक्तों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना, गुरु वंदना तथा भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया।
रामरेखा धाम में श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन जयराम प्रपन्नाचार्य महाराज (रामरेखा बाबा) को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विग्रह पर पुष्प चढ़ाए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन-पूजन को पुजारी भुवनेश्वर पांडा ने विधि-विधान से संपन्न कराया। इस दौरान यजमान के रूप में रामचंद्र दास और विनोद अग्रवाल उपस्थित रहे।
वहीं, देवराहा बाबा आश्रम में भी गुरु पूर्णिमा को लेकर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन और प्रवचन का आनंद लिया। आश्रम में पुजारी विद्यबंधु शास्त्री ने पूजा संपन्न कराई, जबकि मोती अग्रवाल यजमान के रूप में शामिल हुए।

दोनों स्थलों पर आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने गुरु-शिष्य परंपरा, आध्यात्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
















