उर्वरक की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, गोला के तीन बीज भंडारों में औचक निरीक्षण

रामगढ़: किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रामगढ़ प्रशासन ने गोला प्रखंड में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त रामगढ़ के निर्देश पर बुधवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक और सहायक तकनीकी प्रबंधक की संयुक्त टीम ने गोला स्थित हरियाली बीज भंडार, वसुंधरा बीज भंडार और आकाश बीज भंडार का निरीक्षण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरक भंडार पंजी, पीओएस (POS) मशीन में दर्ज ऑनलाइन स्टॉक तथा भौतिक स्टॉक का मिलान किया। इसके अलावा उर्वरक मूल्य सूची, उर्वरक एवं बीज विक्रय लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें निर्धारित सरकारी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। निरीक्षण टीम ने बीज भंडार संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी किसान से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत मिली, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















