जमशेदपुर में चैन छिनतई का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; लूटा गया चैन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पप्पू तिवारी
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में जुबली पार्क के समीप महिला से हुई चैन छिनतई की घटना का पुलिस ने कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से छीना गया सिटी गोल्ड का चैन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 जुलाई की रात जुबली पार्क के पास रौनक फास्ट फूड के सामने सूरज दास की पत्नी चंदना दास से बाइक सवार बदमाशों ने चैन छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर साकची थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने राहुल गोप उर्फ बल्ले और आमिर सरफराज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने राहुल गोप के कब्जे से छीना गया सिटी गोल्ड का चैन बरामद किया, जबकि आमिर सरफराज के घर से घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल (JH05CV-6640) जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राहुल गोप उर्फ बल्ले सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा गौड़ बस्ती का निवासी है, जबकि आमिर सरफराज भालूबासा मुस्लिम बस्ती का रहने वाला है।
दोनों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। राहुल गोप के खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी, आजादनगर और एमजीएम थाना में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ साकची और सोनारी थाना में लूट के मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों जिले में हुई अन्य छिनतई और लूट की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।



















