किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी जेल भरो अभियान, भूमि बैंक रद्द करने की मांग तेज

रामगढ़: झारखंड राज्य किसान सभा की राज्य परिषद की जीबी बैठक गुरुवार को रामगढ़ के कांकेबार स्थित ओहदार भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हजारीबाग किसान सभा के जिला अध्यक्ष प्रो. अनवर हुसैन ने की। बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक सहित किसान सभा के कई पदाधिकारी और किसान नेता शामिल हुए।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए नेताओं ने भूमि बैंक को तत्काल रद्द करने और गैर मजरूआ भूमि की रसीद जारी करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यदि भूमि बैंक समाप्त नहीं किया गया तो राज्यव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि विभिन्न परियोजनाओं और कोल ब्लॉकों के नाम पर किसानों की जमीन अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है।


बैठक में कहा गया कि बड़कागांव, डाड़ी सहित कई क्षेत्रों में किसानों की सहमति और भूमि अधिग्रहण कानून-2013 का पालन किए बिना जमीन लेने की कोशिश की जा रही है, जिसका किसान सभा लगातार विरोध करेगी। बैठक में दिल्ली और रांची में चल रहे छात्र आंदोलनों के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 10 अगस्त 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए झारखंड में 100 से अधिक स्थानों पर किसानों की गोलबंदी कर गिरफ्तारी देने की रणनीति बनाई गई।


संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक सदस्यता अभियान चलाने, प्रखंड एवं जिला सम्मेलन आयोजित करने तथा नवंबर 2026 में राज्य सम्मेलन कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में महेंद्र पाठक, डॉ. बी.एन. ओहदार, अनिरुद्ध कुमार, गणेश महतो, भंते जैनेंद्र तथागत, प्रो. अनवर हुसैन समेत बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















