विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां

रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 और 10 अगस्त 2026 को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न कोषांगों में प्रतिनियुक्त अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट आवंटन किया गया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।


उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समुदाय की परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य और जीवनशैली को व्यापक मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।


बैठक में मोरहाबादी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, स्टॉल व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन कर उनके समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में पुलिस अधीक्षक (सिटी एवं ट्रैफिक), उप विकास आयुक्त संजय कुमार, सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कोषांगों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी मौजूद रहे।

















