रांची में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

रांची: देश स्वतंत्रता की गौरवशाली 80वीं वर्षगांठ की ओर बढ़ रहा है। इस अवसर पर देशभर में राष्ट्रप्रेम और भारतीयता के स्वाभिमान को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तिरंगा यात्रा मोरहाबादी से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।


इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से गुलामी के निशान और मानसिकता को मिटाकर लोगों में देशप्रेम और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि रांची में आयोजित यह तिरंगा यात्रा भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।


तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी शामिल हुए। उन्होंने स्वतंत्रता की वर्षगांठ के अवसर पर लोगों से अपने-अपने घरों पर एक-एक तिरंगा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।


यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग पूरे उत्साह में नजर आए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर भाजपा विधायक नीरा यादव और रांची की महापौर रौशनी खलको समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता की वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं।




















