Message from Chief Minister Hemant Soren at the 77th state-wide Van Mahotsav: Conservation of water, forests, and land is the key to a prosperous Jharkhand.

वन महोत्सव में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी, पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल भी जरूरी

Share
Link copied

रांची: झारखंड विधानसभा परिसर में मंगलवार को 77वां राज्यव्यापी वन महोत्सव-2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान दोनों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जल, जंगल, पहाड़, नदियां और समृद्ध प्राकृतिक संसाधन झारखंड की पहचान हैं। जंगल और प्रकृति यहां के जनजीवन एवं संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

Drishti 04
Advertisement

उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में पर्यावरण को होने वाले नुकसान से असंतुलन पैदा होता है, जिसका असर मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं पर भी पड़ता है। वृक्षों की कटाई, खनिज संसाधनों का अत्यधिक दोहन, भू-जल का अधिक निष्कर्षण और नदियों के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा जैसी गतिविधियों से प्रकृति पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए सजगता और सक्रियता के साथ काम करना जरूरी है।

 

Drishti 03
Advertisement

जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल का संचयन जरूरी

मुख्यमंत्री ने भविष्य में जल संकट की गंभीर स्थिति की आशंका जताते हुए कहा कि समय रहते छोटे-बड़े सभी शहरों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ानी होगी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ वर्षा जल का संचयन कर उसे धरती में समाहित करने की बेहतर कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को पौधारोपण के बाद पौधों में खाद देने, उनकी देखभाल और पोषण के लिए निर्धारित तिथियों पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

Drishti 02
Advertisement
Drishti 01
Advertisement

विधायकों के आवासीय परिसर में लगाए जाएंगे फलदार पौधे

मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड विधानसभा के विधायकों के आवासीय परिसरों में भी फलदार पौधों का रोपण कराया जाए। इसके लिए सभी विधायकों को फलदार पौधे उपलब्ध कराने और उनके रोपण की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि हरियाली को बढ़ावा दिया जा सके। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने भी वन महोत्सव के उद्देश्य और प्राकृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने स्वागत संबोधन दिया।

Kashmir
advertisement
RKDF
advertisement

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण का उपहार है। मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, हफीजुल हसन, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायकगण, वन विभाग के वरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।