झारखंड में अगले माह से शुरू होगा एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू का प्रशिक्षण

रांची: झारखंड के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में करियर का नया अवसर मिलने जा रहा है। राज्य सरकार के नागर विमानन विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू के प्रशिक्षण की शुरुआत अगले माह से होने की संभावना है। इसके लिए डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में नामांकन को लेकर चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चयन साक्षात्कार में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा में दक्षता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विमानन क्षेत्र के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। संस्थान के अनुसार चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र का लगातार विस्तार हो रहा है और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में झारखंड के युवाओं को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। संस्थान का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को संचार क्षमता, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और उद्योग-उन्मुख कौशल से लैस करना है।

संस्थान की ओर से बताया गया कि कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रशिक्षण की शुरुआत पहले ही की जा चुकी है। अब एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू प्रशिक्षण शुरू होने से राज्य के युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का एक और अवसर मिलेगा। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
















