ऑपरेशन थिएटर के ट्यूब लाइट बॉक्स के पास छिपा मिला सांप, मची अफरा-तफरी
धनबाद/तोपचांची। धनबाद जिले के तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के ऑपरेशन थिएटर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां अचानक एक सांप दिखाई दिया। ऑपरेशन थिएटर में सांप होने की खबर मिलते ही स्वास्थ्यकर्मियों और मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बताया गया कि सांप ऑपरेशन थिएटर में लगे ट्यूब लाइट बॉक्स के पास छिपा हुआ था। स्वास्थ्यकर्मियों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वहां कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित हो गया। लोग सांप को देखकर सतर्क हो गए और उसे बाहर निकालने के लिए स्नैक कैचर को बुलाया गया।

मौके पर पहुंचे स्नैक कैचर ने सावधानीपूर्वक सांप को ट्यूब लाइट बॉक्स के पास से बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के परिजनों ने राहत की सांस ली।

ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान पर सांप के पहुंचने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


















